- तीन माह पहले मारा था डंडा, घटना के बाद बिगड़ी छात्रा की मानसिक हालत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नौवीं की छात्रा की पिटाई के आरोप में सारन थाना पुलिस ने एक स्कूल के शारीरिक शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज किया है। छात्रा के परिजनों का आरोप है पिटाई के बाद से छात्रा की मानसिक स्थिति बिगड़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छात्रा का पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया बेटी पवर्तिया काॅलोनी स्थित होली कैथ पब्लिक स्कूल में पढ़ती है। हाल ही में नौवीं कक्षा की परीक्षा दी थी। आरोप है करीब ढाई महीने पहले कम नंबर आने पर स्कूल के शारीरिक शिक्षक (पीटीआई) राेहित ठाकुर ने बेटी को पीटा था। उन्होंने इस बात को स्कूल के संज्ञान में लाकर पीटीआई को दोबारा ऐसी हरकत न करने के लिए आगाह किया था। इसी बात को लेकर रोहित बेटी से रंजिश रखने लगा। आरोप है वह बिना किसी कारण थप्पड़ मार देता था। आरोपी की हरकत से बेटी परेशान रहने लगी। कुछ दिन पहले पीटीआई ने बेटी को कराटे क्लास में आने के लिए कहा। बेटी उससे डरती थी इसलिए क्लास में नहीं गई। इस बात को लेकर भी आरोपी उसे प्रताड़ित कर रहा था। कई दिनों से बेटी गुमसुम थी। बार-बार पूछने पर उसने परिजनों को पीटीआई के बारे में बताया। डर के कारण बेटी की मनोस्थिति काफी बिगड़ चुकी थी। 14 मार्च को उसकी तबीयत अचानक से खराब हो गई। परिवार को लोग उसे अस्पताल लेकर गए। पिता का कहना है कि बेटी के मन में आरोपी का खौफ इस कदर बैठ गया है कि वह बड़बड़ाती हुई कहती है कि पीटीआई उसे जान से मार देगा। उसे डर लग रहा है। सारन थाना पुलिस की एक टीम ने छात्रा के घर जाकर उससे बयान दर्ज किए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्रा फिलहाल अपने घर पर है।