महीने में हैं सिर्फ तीन मुहूर्त, एक दिन में होंगी कई शादियां
गौरव मिश्रा
फरीदाबाद। 2 नवंबर से शुरू हुए शादियों के सीजन के बाद से लगातार शहर के बैंड मार्केटों में तेजी देखी जा रही है। यह तेजी दामों और बुकिंग दोनों में नजर आ रही है। नवंबर के लिए अक्टूबर माह के मध्य तक ही एनआईटी 5 स्थित जनता बैंड मार्केट की लगभग सभी दुकानों पर बुकिंग हो गई थी। वहीं अब दिसंबर के लिए भी ऐसा ही होता हुआ दिखाई दे रहा है।
शहर की जनता बैंड मार्केट के लगभग 80 से 90 प्रतिशत बैंड वाले दिसंबर के लिए पहले ही बुकिंग ले चुके हैं। बता दें कि शहर मेंं करीब 2 हजार से अधिक बैंड वाले हैं। इनमें से लगभग 90 प्रतिशत दिसंबर के लिए बुक हो चुके हैं। बता दें कि दिसंबर में महज 3 दिन शादियों के मुहूर्त हैं, ऐसे में कई शादियां एक ही दिन पड़ सकती हैं। इसके चलते लोग पहले से ही सभी चीजों की बुकिंग करा करा रहे हैं।
35 से 40 हजार में बग्घी और बैंड
बग्घी और बैंडों की बुकिंग की कीमत में भी दिसंबर के लिए उछाल देखने को मिला है। दोनों ही चीजों की बुकिंग 35 से 40 हजार रुपये में हो रही है। इनमें बैंड की बुकिंग 20 से 22 हजार और बग्घी बुकिंग की कीमत 15 से 18 हजार रुपये है। बता दें कि नवंबर में दोनों ही चीजों के दाम 35 हजार रुपये थे। बग्घियों के अलावा विंटेज कार बुक करने के लिए लोगों को 45 से 50 हजार रुपए देने होंगे।
वर्जन
दिसंबर में सिर्फ 2 से 3 शादियों के मुहूर्त हैं, ऐसे में अधिक से अधिक लोग इसी माह इन तारीखों पर शादियां कर रहे हैं। जिनके लिए वह अभी से बैंड-बाजों और विंटेज कार की बुकिंग करा रहे हैं।- सुशील कुमार, जनता बैंड मार्केट प्रधान
दिसंबर में शादी के कम मुहूर्त होने के कारण एक ही दिन पर कई लोगों की शादियां पड़ सकती हैं। ऐसे में लोग अभी से बुकिंग करा रहे हैं, जिससे की उन्हें कोई समस्या ना हो। -अशोक, बैंड-बाजा दुकानदार