अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पलवली गांव के पास मास्टर रोड पर शुक्रवार सुबह एक कार चालक महिला ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में मामा संग स्कूल जा रहीं दो बच्चियों समेत तीनों घायल हो गए। महिला चालक को भी चोटें आईं, हालांकि किसी ने भी मामले में देर शाम तक पुलिस को शिकायत नहीं दी थी। खेड़ी कला निवासी गरिमा (8) और इशिता (9) शुक्रवार की सुबह मामा अजय के साथ बाइक से पलवली गांव के पास दून भारती पब्लिक स्कूल में जा रही थीं। गरिमा यूकेजी और इशिता पहली कक्षा में पढ़ती हैं। पुलिस के अनुसार जब बाइक स्कूल के लिए मुड़ी तो फरीदाबाद की तरफ से तेज गति से आई वैगनआर कार ने बाइक में टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी तेज थी कि कार 150 मीटर तक घसीटती चली गई और फिर पलट गई। हादसे के समय शोर सुनकर स्थानीय लोग पहुंचे और घायल बच्चियों को उठाया। कार एक महिला चला रही थी। कार सीधी करके महिला कार चालक को भी बाहर निकाला गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्कूल के मैनेजर कैलाश मौके पर पहुंच गए। कैलाश व अन्य लोग चारों को अस्पताल ले गए। हालांकि चारों की हालत ठीक बताई जा रही है। थाना खेड़ी पुल प्रभारी कृष्ण गोपाल का कहना है कि इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है।