अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एसडीएम परमजीत चहल ने शुक्रवार को सड़क सुरक्षा के नियमों की सही पालना के बेहतर क्रियान्वयन के लिए समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों की पालना संबंधित विभाग गंभीरता से करें। उन्होंने कहा कि सरकारी और प्राइवेट रोड सेफ्टी टीम बनाई जाएं जो स्कूल खुलने और छुट्टी के समय ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर यातायात व्यवस्था बेहतर करने में मदद करें। ताकि स्कूल के पास जाम की समस्या नहीं बने।
एसडीएम ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में सड़क संबंधी समस्याओं को जल्द से जल्द दूर करें। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा पॉलिसी के तहत स्कूल की बसों का रुटीन निरीक्षण करें। जिले में सड़क सुरक्षा के नियमों की पालना करवाने के लिए विद्यार्थियों और ड्राइविंग करने वाले लोगों को जागरूक करें। सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता अभियान चलाएं। सरकारी और प्राइवेट रोड सेफ्टी टीम बनाई जाए जोकि स्कूल खुलने और स्कूल की छुट्टी के समय ट्रैफिक पुलिस साथ मिलकर यातायात व्यवस्था को सुचारु ढंग से चलाएं। जिन भी सड़कों पर गड्ढे हो या सड़क टूटी हो उसका मुआयना कर जल्द ठीक करें। सड़क सुरक्षा के नियमों की पालना करने के लिए पुलिस प्रशासन और हाईवे के तकनीकी अधिकारी आपसी तालमेल करके कार्य को बेहतर तरीके से क्रियान्वित करें। सड़क सुरक्षा के नियमों अनुसार सड़क पर लगाई जाने वाली पटिया, जेबरा क्रॉसिंग प्वाइंट और ग्रील लगाने, टूटने पर ठीक करवाने सहित अन्य कदम उठाएं। समीक्षा बैठक में सीटीएम अमित मान, विवेक, सत्येंद्र दुग्गल, देवेंद्र सिंह, आरटीए, यूएलबी, एफएमडीए, सीएमओ तथा एनएचएआई सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी और सड़क सुरक्षा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।