ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र में खेड़ी-ओल्ड चौक पर हादसा, पति व दो बच्चे घायल
देर रात परिवार सिद्धदाता आश्रम से दर्शन कर लौट रहा था
महिला मायके आई हुई थी, कार चालक पर एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद थाना एरिया में खेड़ी-ओल्ड चौक पर बुधवार देर रात एक बाइक को पीछे से आए कार सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला तो कार के अगले हिस्से में फंस गई, जबकि उसका पति व दोनों बच्चे गिरकर घायल हो गए। आरोपी कार चालक ने महिला को 10 मीटर तक घसीटा। फिर कार को पीछे कर भगा ले गया। गंभीर रूप से घायल महिला अनीता को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि ओल्ड थाना पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आस-पास के एरिया में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।
खेड़ी-ओल्ड रोड पर ये हादसा बुधवार देर रात लगभग 11 बजे हुआ। भूपानी एरिया की रहने वाली अनीता की शादी साल 2010 में यूपी के बाराबंकी के गंगापुर गांव निवासी राजकुमार से हुई थी। इनके दो बच्चे ऋषभ और जानवी हैं। अनीता दो महीने पहले छुट्टियों के दौरान बच्चों के साथ मायके आ गई थी। दो दिन पहले पति राजकुमार उसे वापस ले जाने आया था। वापस लौटने से पहले बुधवार शाम को परिवार सिद्धदाता आश्रम में दर्शन करने गया। राजकुमार बाइक पर पत्नी व दोनों बच्चों को लेकर देर रात 11 बजे आश्रम से लौट रहा था तभी खेड़ी-ओल्ड चौक पर पीछे से आए कार सवार ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही राजकुमार व बच्चे साइड में गिर गए जबकि अनीता कार के अगले हिस्से में फंस गई। कार चालक ने रुकने की बजाय कार भगा ली और 10 मीटर तक अनीता को घसीटा। चालक ने देखा कि महिला अगले हिस्से में फंस गई तो ब्रेक लगाकर कार पीछे की और अनीता के निकलते ही वो कार भगा ले गया।