संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। आईएमटी क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
चंदावली गांव की ओर से आने वाले रास्ते पर एक कार तेज रफ्तार में आ रही थी। इसी दौरान कार चालक ने नियंत्रण खो दिया और दो बाइकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सड़क पर गिर गईं और उन पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर कार डिवाइडर से टकराई और रुक गई। हादसे में गाड़ी का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं कुछ दूरी पर दोनों क्षतिग्रस्त बाइक भी सड़क पर गिरी हुई मिलीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि अभी कोई शिकायत मिली नहीं है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।