संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मुजेसर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने घायल की पत्नी की शिकायत पर कैंटर चालक के खिलाफ चार अप्रैल को प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
न्यू राजीव कॉलोनी निवासी अनीता जाटव ने पुलिस को बताया कि वह एक निजी कंपनी में गार्ड की नौकरी करती हैं। एक अप्रैल की सुबह करीब 7:05 बजे उनके पति धर्मपाल बाइक से उन्हें कंपनी छोड़कर घर वापस लौट रहे थे। जब वह प्लॉट नंबर-5 के सामने पहुंचे, तभी एक कैंटर के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें सीधी टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद पुलिस ने घायल धर्मपाल को बीके अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें गंभीर हालत के कारण ईएसआई अस्पताल रेफर कर दिया गया। अनीता ने बताया कि पति की हालत नाजुक होने और इलाज में व्यस्त रहने के कारण वह तुरंत शिकायत नहीं दे पाईं।