फरीदाबाद। थाना सराय ख्वाजा इलाके से एक कैंटर चालक ट्रांसपोर्टर का 10 लाख रुपये का माल लेकर फरार हो गया। चालक कैंटर पर नौकरी करता था। वह कैंटर को बदरपुर बॉर्डर के पास छोड़कर उसमें रखा सामान लेकर भाग गया। ट्रांसपोर्टर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दिल्ली के स्वरूप नगर निवासी चितरंजन सिंह ने पुलिस को बताया कि यूपी के सुल्तानपुर निवासी सिद्धार्थ गौतम नाम का युवक उसके कैंटर पर चालक नौकरी करता था। 1 जून को सिद्धार्थ यूपी के कोसी कलां से कैंटर में एक फैक्ट्री का माल लेकर गाजियाबाद के लिए निकला था। शाम तक सिद्धार्थ माल लेकर गाजियाबाद में बताए स्थान पर नहीं पहुंचा। दो जून को चितरंजन के पास एक ऑटो चालक का फोन आया। उसने बताया कि उनका कैंटर बदरपुर बार्डर के पास लावारिस हालत में खड़ा है। कैंटर के ऊपर लिखे चितरंजन के मोबाइल नंबर को देखकर उसने कॉल किया था। ऑटो चालक की बात सुनकर चितरंजन ने दूसरा चालक बदरपुर बार्डर पर भेजा। उसने बताया कि कैंटर में कोई सामान नहीं है। चालक सिद्धार्थ वहां नही था और उसका मोबाइल भी बंद था। चितरंजन के मुताबिक कैंटर में करीब 10 लाख रुपये का माल था। संवाद