चरित्र पर शक के कारण हत्या का आरोप, सिर में टाइल मारकर उतारा मौत के घाट
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। डबुआ-गाजीपुर रोड के किनारे किराए के मकान में रह रहे एक युवक ने देर रात पुलिस को फोन कर कहा कि उसकी पत्नी को किसी ने मार डाला है। इससे पहले कि पुलिस कुछ समझ पाती युवक ने फोन काट दिया। आनन-आनन में पुलिस मौके पर पंहुची तो देखा महिला का शव कमरे में पड़ा है। सिर में गहरी चोट मारकर हत्या को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर पति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला फर्रुखाबाद के गांव अनबोला निवासी आनंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बहन गीता की शादी करीब छह साल पहले यूपी के जिला मैनपुरी के अस्योली गांव निवासी दीपक के साथ की थी। दीपक पत्नी के साथ करीब पांच साल से डबुआ गाजीपुर रोड शुक्ला आटा चक्की के पास किराए के मकान में रह रहा है।। दोनों का पांच साल का एक बेटा भी है। आनंद का आरोप है कि दीपक उसकी बहन गीता के साथ मारपीट करता था। कई बार गीता के परिजनों ने दीपक को समझाया था। दीपक का कहना था कि गीता किसी व्यक्ति से मोबाइल पर बातचीत करती है। उसे ये पसंद नहीं था। इस बात से अक्सर दीपक नाराज होकर मारपीट करने लगता था। सोमवार रात दीपक ने गीता के सिर में इंटरलॉकिंग टाइल से वार किया। इससे गीता की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी पाकर थाना डबुआ पुलिस, क्राइम ब्रांच और अन्य टीम मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी फरार है, उसकी तलाश की जा रही है।
कैलाश गठवाल