फरीदाबाद। किसानों ने शनिवार को दिल्ली की सीमा पर लगते टोल प्लाजा को घेरने और उन्हें मुफ्त करने का आह्वान किया है। इसके मद्देनजर शहर में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। इसके साथ ही ड्रोन कैमरे से भी हुड़दंगियों पर नजर रखी जाएगी। जिले में करीब 3500 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
पुलिस उपायुक्त मुख्यालय डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि जिले के हर टोल प्लाजा पर 1-1 सहायक पुलिस आयुक्त व संबंधित थाना के पुलिस बल के अलावा रिजर्व पुलिस बल तैनात किया गया है। कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों की खैर नहीं है। किसान आंदोलन के चलते किसानों द्वारा 12 दिसंबर को टोल प्लाजा को घेरने के आह्वान पर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इस दौरान करीब 3500 पुलिसकर्मियों को हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैनात किया है। सभी पुलिसकर्मी दंगा निरोधक यंत्रों और वाहनों के साथ तैनात होंगे।
हुड़दंगियों पर होगी कार्रवाई
जिले में आने वाले सभी पांच टोल प्लाजा-बदरपुर बॉर्डर, गुरुग्राम फरीदाबाद, केजीपी टोल प्लाजा, पाली क्रशर जोन और धौज टोल पर पुलिस रिजर्व बल तैनात की गई है। इस दौरान पुलिस ने ड्रोन से भी नजर रखने के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं। ड्रोन के द्वारा भी भीड़ पर विशेष नजर रखी जाएगी। अप्रिय घटना होने पर असामाजिक और हुड़दंगियों को चिहिन्त कर उन पर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सभी पांचों टोल प्लाजा पर पुलिस के एसीपी थाना क्षेत्र के प्रभारी और पुलिस रिजर्व बल के साथ तैनात रहेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह से कानून व्यवस्था को भंग किया जाता है तो पुलिस सख्ती से निपटेगी। इस तरह के आंदोलन के दौरान कुछ असामाजिक तत्व कानून व्यवस्था बिगड़ने की कोशिश करते हैं। ऐसे लोगों पर पुलिस की पैनी नजर होगी।