टूटा हुआ था कार का शीशा, अंदर बिखरा था खून
रविवार की सुबह करीब आठ बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-77 में केएलजे सोसाइटी के पास सड़क किनारे एक कैब खड़ी है, जिसकी ड्राइवर सीट पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही बीपीटीपी थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। जांच के दौरान कार का शीशा टूटा हुआ पाया गया और अंदर खून बिखरा हुआ था। मृतक की गर्दन पर चोट और कसने के निशान मिले। मृतक की पहचान केएलजे सोसाइटी, सेक्टर-77 निवासी प्रकाश कुमार (50) के रूप में हुई, जो कैब चलाने का काम करते थे। घटना की जानकारी तुरंत मृतक के परिजनों को दी गई।
पिछले चार वर्षों से जान-पहचान
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपी कुंदन और मृतक प्रकाश के बीच पिछले चार वर्षों से जान-पहचान थी और दोनों ही टैक्सी चालक थे। कुंदन अपनी गाड़ी का परमिट प्रकाश के माध्यम से ही बनवाया करता था। इस बार परमिट में लगने वाले पैसों को लेकर दोनों के बीच मनमुटाव चल रहा था। 24 और 25 अक्टूबर की दरमियानी रात दोनों सेक्टर-77 में कार के अंदर बैठकर पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान पैसों को लेकर उनके बीच तीखी कहासुनी हो गई। बहस बढ़ने पर आरोपी कुंदन ने गुस्से में आकर गाड़ी में ही रखे एक तौलिए से प्रकाश का गला घोंट दिया और वारदात को अंजाम देकर मौके से भाग गया।
दो घंटे में आरोपी काबू, रिमांड पर लेगी पुलिस
वारदात की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और एफआईआर दर्ज होने के महज दो घंटे के अंदर आरोपी कुंदन को काबू कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि वारदात में इस्तेमाल तौलिया और अन्य साक्ष्य बरामद किए जा सकें।