अमृता अस्पताल के पास देर रात हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। खेड़ीपुल थाना क्षेत्र में अमृता अस्पताल के पास शनिवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 47 वर्षीय कारोबारी घायल हो गया। उनको निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर रविवार को अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान सुनील धिमान (47) के रूप में हुई है, जो पुराने रेलवे स्टेशन के पास अपनी वर्कशॉप संचालित करते थे।
शिकायतकर्ता हेमंत धिमान ने बताया कि 27 जून की रात करीब 11:55 बजे पड़ोसी प्रदीप गौतम ने दुर्घटना की सूचना दी। परिवार के लोग तुरंत सेक्टर-88 स्थित निजी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने सुनील धिमान को मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर उनकी बाइक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त मिला, जिससे किसी तेज रफ्तार वाहन की टक्कर की आशंका जताई गई है।
अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। हेमंत धिमान की शिकायत के आधार पर खेड़ीपुल थाना पुलिस ने 28 जून को अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि वाहन और चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।