हादसों की बनी रहती हैं आशंका, बसों की संख्या बढ़ाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ से गुरुग्राम के बीच चलने वाली निजी बसों से इन दिनों हादसों की आशंका बढ़ गई हैं। मुनाफे के लालच में बस संचालक निर्धारित क्षमता से कहीं अधिक सवारियां भरकर सड़कों पर सफर तय कर रहे हैं। इन बसों में क्षमता से अधिक सवारियां भरी जा रहीं हैं।
स्थानीय यात्रियों का कहना है कि फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड पर कई बार ओवरलोडिंग के कारण बसें असंतुलित हो जाती हैं, लेकिन पुलिस और आरटीओ विभाग की ढिलाई के चलते संचालकों के हौसले बुलंद हैं। बल्लभगढ़ बस स्टैंड से चलकर यह बसें पाली क्रशर जोन, धौज, मांगर, बंधवाड़ी और घाटा मोड़ होते हुए गुरुग्राम पहुंचती हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सुबह और शाम के व्यस्त समय में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। बल्लभगढ़ ,ग्रेटर फरीदाबाद व डबुआ और मुजेसर क्षेत्र से गुरुग्राम की कंपनियों में काम करने जाने वाले हजारों कर्मचारी इन्ही बसों पर निर्भर हैं, जिसका फायदा बस संचालक बेखौफ होकर उठा रहे हैं।
फरीदाबाद से गुरुग्राम जाने वाले हजारों नौकरीपेशा लोग इन निजी बसों पर निर्भर हैं। सरकारी रोडवेज बसों के फेरे कम होने का सीधा फायदा निजी बस माफिया उठा रहे हैं। कई बार डबुआ और मुजेसर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान इन बसों पर कार्रवाई की खबरें आती हैं, मगर कुछ दिन बाद स्थिति फिर जस की तस हो जाती है। यात्रियों की मांग है कि इस रूट पर सरकारी बसों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि निजी बसों की इस मनमानी पर लगाम लग सके।