गुरुग्राम स्थित शीतला माता मंदिर में आज से शुरू हो रहा है मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गुरुग्राम स्थित प्राचीन श्री शीतला माता मंदिर परिसर में 16 मार्च से मेला शुरू होने जा रहा है। यह मेला 15 अप्रैल तक चलेगा। इस मेले को लेकर श्री माता शीतला देवी श्राइन बोर्ड ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले से मंदिर में दर्शन करने जाने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी ना हो उसके चलते डिपो से हर 9 मिनट के अंतराल पर गुरुग्राम के लिए बस सेवा चलाई जा रही है। जिसमें निजी बस के साथ-साथ रोडवेज बसें भी शामिल हैं।
बल्लभगढ़ बस डिपो से हर रोज 9 मिनट के अंतराल पर गुरुग्राम के लिए बसें संचालित होंगी। जिसमें रोजवेज के अलावा 15 निजी बसें भी शामिल हैं। इन सभी बसों को समय सारणी के अनुसार चलाया जाएगा । 16 मार्च रविवार से श्री शीतला माता मंदिर में चैत्र मेला शुरू होने वाला है। जिसके चलते जिले से काफी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन करने के लिए जाते हैं। उन श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसके चलते डिपो से बसों का संचालन किया जाएगा । साथ ही अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है कि वह बसों को समय सारणी के अनुसार चलाएं। ड्यूटी इंचार्ज भागीरथ शर्मा ने बताया कि उनके डिपो से निजी और रोडवेज बसें हर 9 मिनट के अंतराल पर गुरुग्राम के लिए रवाना होंगी। जिनकी समय सारणी पहले से तैयार है। चैत्र मेले के दौरान यात्रियों को कोई परेशानी ना हो उसके लिए कुछ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
अन्य बसों से भी कर सकते हैं सफर
डिपो से रोहतक, हिसार, नारनौल, महेंद्रगढ़, झज्जर, सीकर, जयपुर आदि रूटों पर भी बसों का संचालन किया जाता है। यह बसें भी गुरुग्राम के रास्ते होते हुए अपने गंतव्य तक जाती हैं। इन बसों में भी यात्री आसानी से सफर कर शीतला माता मंदिर पहुंच सकते हैं।