बल्लभगढ़। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तर प्रदेश में शनिवार और रविवार को पूर्ण लॉकडाउन रहता है। दो दिनों के इस कर्फ्यू में लोगों के बाहर निकलने पर पाबंदी रहती है। इसके कारण हरियाणा से आने वाली बसों को उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने नहीं दिया जाता था। अब बसों के आवागमन पर किसी तरह की कोई रोक नहीं रहेगी। बसों को अब यूपी की सीमा में शनिवार और रविवार को भी आने जाने में कोई मनाही नहीं है। रोजाना की तरह ही अब वीकेंड पर भी बसों का संचालन जारी रहेगा।
रोडवेज प्रबंधक राजीव नागपाल ने बताया कि सप्ताह में दो दिन बसों के उत्तर-प्रदेश में न जाने से राजस्व का घाटा तो हो रहा था, साथ में लोगों को भी परेशानी हो रही थी। ज्यादातर लोग छुट्टी के दिन घर जाना चाहते हैं। लोगों की परेशानी को देखते हुए यूपी सरकार ने शनिवार और रविवार को बसों के आवागमन पर लगी रोक को हटा दिया है। अब रोजाना की तरह ही बसों का संचालन किया जा रहा है। इससे लोगों को भी फायदा होगा और विभाग का राजस्व भी बढ़ेगा। फिलहाल आगरा रूट पर पांच से छह गाड़ियां, मथुरा रूट पर करीब आठ और हमीरपुर रूट पर 15 से 16 गाड़ियां चलाई जा रही हैं।