अलग-अलग इलाकों में दिया वारदात को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोरों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो मकानों को निशाना बनाकर करीब डेढ़ लाख रुपये और आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
पहली घटना सेक्टर-18 एचबीसी की है। मूल रूप से पलवल जिले के होडल तहसील निवासी कपिल बिंदल यहां किराये के मकान में रहते हैं और गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में मैनेजर हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 24 दिसंबर की सुबह करीब नौ बजे वह परिवार सहित अपने पैतृक गांव होडल गए थे। मकान पर ताला लगाकर जाने के बाद उन्हें किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं था।
शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे जब वे वापस लौटे तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था और मुख्य दरवाजा खुला पड़ा था। अंदर जाकर जांच की तो गोदरेज और लकड़ी की अलमारियां टूटी हुई मिलीं। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और जेवरात के डिब्बे खाली थे। चोर करीब 75 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चुरा ले गए।
दूसरी घटना भूपानी कॉलोनी की है। यहां मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी अमरनाथ अपने परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर को वह ड्यूटी पर दिल्ली गए हुए थे, जबकि उनकी पत्नी प्रेमवती बच्चों को स्कूल से लेने गई थी। इसी दौरान चोरों ने घर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
चोर घर से करीब 70 हजार रुपये नकद, चांदी की पायल, बच्चों की चांदी की पायल, सोने की चेन, मंगलसूत्र और अन्य जेवरात चुरा ले गए। दोनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है, ताकि चोरों तक पहुंचा जा सके।