फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: चार लेन की सड़क के निर्माण में बाधा बन रहे मकानों और दुकानों पर चला बुलडोजर

विज्ञापन
विज्ञापन
सेहतपुर से बसंतपुर तक प्रस्तावित है सड़क, स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का विरोध जताया, पुलिस बल रहा मौजूद
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पल्ला एरिया में सेहतपुर से बसंतपुर गांव तक प्रस्तावित चार लेन की सड़क के निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए नगर निगम ने शुक्रवार से तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू कर दी। निगम की टीम ने सड़क चौड़ीकरण में अड़चन बन रहे मकानों, दुकानों और अन्य अवैध निर्माणों को हटाया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों ने विरोध जताया लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल के चलते अभियान बिना किसी बड़े व्यवधान के जारी रहा।

दरअसल पल्ला-सेहतपुर रोड का निर्माण कार्य लंबे समय से चर्चा में रहा है। सेहतपुर से बसंतपुर गांव तक सड़क को चार लेन किए जाने की योजना के तहत करीब 26 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इस सड़क के चौड़ा होने से पल्ला क्षेत्र के साथ-साथ आसपास के गांवों और कॉलोनियों के लाखों लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल इस मार्ग पर रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन


स्थानीय लोगों का कहना है कि संकरी सड़क और जगह-जगह गड्ढों के कारण आए दिन जाम लगता है। कई बार तो दुपहिया वाहन चालक गड्ढों में फिसलकर गिर चुके हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे, दफ्तर जाने वाले कर्मचारी और औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले मजदूर रोज इस समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में सड़क के चौड़ीकरण को क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही मांग माना जा रहा है।

कई बार नोटिस जारी किए गए
इस परियोजना को आगे बढ़ाने में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर की पहल अहम मानी जा रही है। उनके प्रयासों के बाद निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ी लेकिन सड़क के दायरे में बने मकान, दुकानें और अन्य ढांचे बड़ी बाधा बनकर सामने आए। नगर निगम की ओर से इन निर्माणों को हटाने के लिए पहले कई बार नोटिस जारी किए गए थे लेकिन निर्धारित समय तक लोगों ने अपना सामान नहीं हटाया।
निगम कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच नोकझोंक
शुक्रवार को नगर निगम के एसडीओ हितेश दहिया भारी पुलिस बल और जेसीबी मशीनों के साथ सेहतपुर गांव पहुंचे। पुलिस और निगम की टीम को देखकर क्षेत्र के लोग एकजुट हो गए और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। मौके पर कुछ देर के लिए निगम कर्मचारियों और स्थानीय लोगों के बीच नोकझोंक भी हुई। पूर्व पार्षद सीता शर्मा के पति हरि सिंह सहित कई लोगों ने निगम की कार्रवाई पर आपत्ति जताई और अपने निर्माणों को न तोड़ने की मांग की। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए लोगों को समझाया और कानून-व्यवस्था बनाए रखी। इसके बाद निगम की जेसीबी मशीनों ने मकानों और दुकानों के सामने बने चबूतरों, रैंप और अन्य अवैध हिस्सों को तोड़ना शुरू कर दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल तैनात रहा, ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने।
विज्ञापन

कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार की जा रही

निगम अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार की जा रही है। एसडीओ हितेश दहिया के अनुसार जिन स्थानों पर अवैध निर्माण था वहां पहले ही नगर निगम के पटवारियों द्वारा निशानदेही कर दी गई थी। उसी के आधार पर तोड़फोड़ दस्ते ने अतिक्रमण हटाया है। उन्होंने साफ किया कि सड़क निर्माण में बाधा बने किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें