- सेक्टर 9-10 डिवाइडिंग रोड से हटाया अतिक्रमण, सेक्टर-37 में भी तोड़फोड़
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद ने शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज करते हुए कई इलाकों में बड़ी कार्रवाई की। निगम की टीम ने सेक्टर-11 में अवैध रूप से बनाए जा रहे एक बैंक्विट हॉल को तोड़ दिया, जबकि इसी क्षेत्र में स्थित सजन वाटिका बैंक्विट हॉल में भी तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। इसके अलावा सेक्टर 9-10 की डिवाइडिंग रोड से अतिक्रमण हटाया गया और सेक्टर-37 में एक अवैध निर्माणाधीन भवन पर भी निगम ने बुलडोजर चलाया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार सेक्टर-11 में जिस बैंक्विट हॉल पर कार्रवाई की गई वहां बिना आवश्यक अनुमति के निर्माण कार्य किया जा रहा था। निगम की ओर से पहले भी संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए गए थे लेकिन नियमों की अनदेखी जारी रहने पर तोड़फोड़ की कार्रवाई अमल में लाई गई। कार्रवाई के दौरान निर्माण के कई हिस्सों को मशीनों की मदद से ध्वस्त किया गया।
सेक्टर-11 स्थित एक बैंक्विट हॉल में भी अवैध निर्माण और मानकों के उल्लंघन को लेकर निगम टीम पहुंची। यहां भवन के कुछ हिस्सों में तोड़फोड़ की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा ताकि किसी प्रकार का विरोध या विवाद न हो।
तोड़फोड़ के दौरान महिला ने किया विरोध
सेक्टर-11 स्थित बैंक्विट हॉल पर कार्रवाई के समय एक महिला ने पुलिस व निगम कर्मचारियों ने कार्रवाई न करने की अपील की लेकिन प्रशासनिक आदेश के चलते कर्मचारियों ने तोड़-फोड़ जारी रखी। इसी बीच महिला रोने लगी व कहने लगी मेरे भाई ने बहुत मेहनत से बनाया है इसे मत तोड़ों। महिला के रोने व तोड़-फोड़ न करने की अपील का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं बैंक्विट का मालिक भी पुलिस ने कार्रवाई रोकने की अपील करता रहा।
सेक्टर-37 में भी हुई तोड़फोड़
नगर निगम ने सेक्टर-37 में एक भवन में अवैध निर्माण को लेकर कार्रवाई की। निगम अधिकारियों के मुताबिक निर्माण नियमों का उल्लंघन किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर तोड़फोड़ की गई। नगर निगम के एसडीओ हितेश दहिया ने बताया कि शहर में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिना मंजूरी निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।