सेक्टर-88 स्थित आरपीएस पाम, आरपीएस पाम ड्राइव और बीपीटीपी कॉलोनी में अभियान चलाया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में अतिक्रमण और अवैध निर्माण के खिलाफ जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर तोड़फोड़ अभियान चलाया। यह कार्रवाई सरकार के 16 अप्रैल 2026 के आदेशों के अनुपालन में की गई, जिसमें विशेष रूप से लाइसेंस कॉलोनियों में राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) पर हुए कब्जों को हटाने पर जोर दिया गया था।
डीटीपी की टीम ने सेक्टर-88 स्थित आरपीएस पाम, आरपीएस पाम ड्राइव और बीपीटीपी कॉलोनी में अभियान चलाया। यहां सड़कों और सार्वजनिक उपयोग की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान 105 प्लॉट्स के सामने से ग्रीन एरिया, लैंडस्केप एरिया, लॉन, बाउंड्री वॉल और गार्ड रूम जैसे अवैध निर्माण हटाए गए। अधिकारियों के अनुसार इन अतिक्रमण के कारण न केवल रास्ते संकरे हो रहे थे, बल्कि आम लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही थी।
इसके अलावा डीटीपी विभाग ने गांव बसेलवा के राजस्व क्षेत्र में स्थित एक अवैध कॉलोनी पर भी कार्रवाई की। करीब एक एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रही इस कॉलोनी में चल रहे निर्माण कार्य को ध्वस्त किया गया। टीम ने मौके पर बन रही दो अधूरी संरचनाओं को गिराया, साथ ही पांच डीपीसी (प्लिंथ लेवल तक का निर्माण) भी तोड़ दिए गए।
डीटीपी यजन ने कहा कि जिले में अवैध निर्माण और अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सरकारी जमीन या सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा न करें और निर्माण कार्य केवल निर्धारित नियमों के तहत ही करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।