30 एकड़ क्षेत्र में बिना अनुमति विकसित की जा रहीं
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिले में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। डीटीपी ने बुधवार को गांव सीकरी और पियाला के राजस्व क्षेत्र में विकसित की जा रहीं दो अवैध औद्योगिक कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान करीब 38 एकड़ भूमि पर बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया।
जिला नगर योजनाकार यजन चौधरी ने बताया कि गांव सीकरी में करीब आठ एकड़ और गांव पियाला में करीब 30 एकड़ क्षेत्र में बिना अनुमति विकसित की जा रहीं औद्योगिक कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान बुलडोजर से निर्माणाधीन 10 ढांचों, 22 चहारदीवारी और 18 डीपीसी को गिरा दिया गया। कार्रवाई के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा, जिससे अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। पूरी कार्रवाई की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।
यजन चौधरी ने बताया कि बिना स्वीकृति के विकसित की जा रही कॉलोनियों और अवैध निर्माणों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी भूखंड या औद्योगिक परियोजना में निवेश करने से पहले उसकी वैधता और संबंधित विभागों से स्वीकृति की जांच अवश्य कर लें। अवैध कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने से आर्थिक नुकसान के साथ कानूनी परेशानियों का भी सामना करना पड़ सकता है।