फरीदाबाद। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग ने अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मंगलवार को फरीदाबाद तहसील के अंतर्गत आने वाले चार गांवों में तोड़फोड़ की। गांव टिकावली, भूपानी और नचौली के राजस्व क्षेत्र में करीब 15 एकड़ जमीन पर विकसित की जा रही चार अवैध कॉलोनियों में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पीला पंजा चला।
इस दौरान जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम ने अवैध रूप से बनाए गए दर्जनों निर्माणों को जमींदोज कर दिया। तोड़फोड़ की इस कार्रवाई के दौरान चारों अवैध कॉलोनियों की 15 एकड़ में बनाए गए करीब 50 डीपीसी (नींव), 20 बाउंड्री वॉल, तीन निर्माणाधीन ढांचे और तीन तैयार ढांचों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा कॉलोनाइजरों द्वारा कॉलोनी के भीतर बिछाए गए कच्चे रास्तों के नेटवर्क को भी उखाड़ दिया गया। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि बिना अनुमति के कृषि भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि वे भू-माफियाओं के बहकावे में आकर अपनी गाढ़ी कमाई इन अवैध कॉलोनियों में न फंसाएं। संवाद