कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों ने खुद ही अपना अतिक्रमण हटाया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पल्ला-सेहतपुर रोड को चौड़ा करने की परियोजना में बाधा बने अतिक्रमणों को हटाने के लिए नगर निगम ने एक बार फिर कार्रवाई की। भारी पुलिस बल और चार जेसीबी मशीनों की मदद से निगम की टीम ने सड़क किनारे बने करीब 70 अवैध निर्माणों को तोड़ा।
कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों ने खुद ही अपना अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया, जबकि कुछ लोगों ने अदालत का स्टे ऑर्डर भी दिखाया। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार पल्ला से बसंतपुर गांव तक की सड़क को चार लेन में विकसित किया जा रहा है। बढ़ती आबादी और यातायात दबाव को देखते हुए यह परियोजना अहम मानी जा रही है, लेकिन सड़क किनारे बने अवैध निर्माणों के कारण काम में लगातार रुकावट आ रही थी। निगम ने पहले ही मकान मालिकों और दुकानदारों को नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे लेकिन निर्धारित समय में अधिकांश लोगों ने इसे नहीं हटाया।
इसी कारण निगम की टीम को पिछले सप्ताह पहली बार तोड़फोड़ करनी पड़ी थी। इसके बाद मंगलवार को दोबारा अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान एसडीओ कृष्ण कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा। कार्रवाई के दौरान राम सिंह नेता जी मार्केट में कई दुकानदारों ने जेसीबी पहुंचने से पहले ही अपने शेड और अस्थायी निर्माण हटाने शुरू कर दिए। वहीं सेहतपुर गांव के पास कुछ मकानों के आगे बने अवैध हिस्सों को भी हटाया गया। इसके अलावा सड़क किनारे बनाए गए खोखे और झुग्गियों को भी हटाकर खाली कराया गया, जिससे सड़क चौड़ीकरण के काम में तेजी लाई जा सके।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि निगम की टीम ने जिन स्थानों पर अतिक्रमण चिह्नित किए हैं, वहां तक के हिस्से को संबंधित लोग स्वयं हटा लें। यदि ऐसा नहीं किया गया तो निगम कार्रवाई करेगा और हटाने की पूरी लागत भी संबंधित लोगों से ही वसूली जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि पल्ला-सेहतपुर मार्ग आसपास के कई गांवों और कॉलोनियों को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। आबादी बढ़ने के साथ यहां यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सड़क को चार लेन में विकसित करना जरूरी हो गया है ताकि लोगों को जाम और संकरी सड़क की समस्या से राहत मिल सके।