पल्ला-बसेलपुर इलाके में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
एनआईटी-5 फ्रूट गार्डन में भी अवैध निर्माण पर तोड़फोड़ शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम प्रशासन ने मंगलवार को अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पल्ला-बसेलपुर क्षेत्र की गणपति कॉलोनी में बनाए गए अवैध धार्मिक स्थल पर बुलडोजर चला। निगम की टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची तो स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान महिला पुलिस और महिलाओं के बीच जमकर खींचतान भी हुई। हालांकि, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निगम की टीम अवैध निर्माण को हटाने में कामयाब रही। कार्रवाई के दौरान मौके पर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।
इसके अलावा नगर निगम की टीम ने एनआईटी-5 स्थित फ्रूट गार्डन में भी अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई की। यहां एक इमारत में चार फ्लोर पर किए गए अवैध निर्माण को तोड़ने का काम शुरू किया गया। निगम की टीम ने मंगलवार को कार्रवाई की। इस दौरान लोगों ने यहां विरोध जताया। तोड़फोड़ की प्रक्रिया बुधवार को भी जारी रही। यहां भी लोगों की दोनों स्थानों पर कार्रवाई के दौरान काफी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे। निगम के कानूनी सलाहकार अधिवक्ता सतीश आचार्य ने बताया कि शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन कर बनाए गए निर्माणों को तोड़ा जाएगा