विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता
दो महीने में केवल पानी का कनेक्शन हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी-5 स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के नौ सौ से अधिक विद्यार्थियों को नए भवन में पढ़ाई शुरू करने के लिए अभी और इंतजार करना पड़ेगा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से पिछले दो महीने में केवल पानी का कनेक्शन किया जा सका है। शौचालयों की सीवर लाइन को सेप्टिक टैंक से जोड़ने का काम अब तक पूरा नहीं हुआ है।
इसके चलते भवन का हैंडओवर अटका हुआ है। अधिकारियों का दावा है कि नवंबर के दूसरे सप्ताह तक भवन आईटीआई प्रबंधन को सौंप दिया जाएगा। नए भवन का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों को पुराने जर्जर भवन में ही कक्षाएं लगानी पड़ रही हैं। यहां छत और दीवारों से प्लास्टर व सीमेंट गिरने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। आईटीआई के प्रधानाचार्य एवं नोडल अधिकारी भगत सिंह ने कहा कि नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है। भवन अभी तक हैंडओवर नहीं हुआ है। पुराने भवन में कक्षाएं संचालित करने में काफी परेशानी हो रही है। भवन सौंपने के लिए लोक निर्माण विभाग को लगातार पत्र लिखे जा रहे हैं।
आईटीआई भवन का निर्माण कार्य वर्ष 2019 में सात करोड़ रुपये की लागत से शुरू किया गया था। वर्ष 2020 में कोरोना संक्रमण के कारण लगे लॉकडाउन से निर्माण कार्य प्रभावित हुआ। इसके बाद काम दोबारा शुरू हुआ तो बजट कम पड़ गया। भवन को वर्ष 2022 तक तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। चार मंजिला भवन को आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाने का दावा किया गया था। हालांकि, पानी का कनेक्शन होने के बाद भी सीवर व्यवस्था पूरी नहीं हो पाई है। सेप्टिक टैंक का निर्माण हो चुका है, लेकिन भवन के शौचालयों की लाइन इससे नहीं जोड़ी गई है। आईटीआई प्रबंधन की ओर से कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को इस संबंध में पत्र लिखकर काम पूरा कराने की मांग की गई है।