दोनों आरोपी राजस्थान अजमेर के रहने वाले, खाते में आए थे ठगी के 1 लाख रुपये
बीटेक छात्र ने आईटीआई छात्र का बैंक खाता खरीदकर साइबर ठगों को बेचा था
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। राजस्थान अजमेर के रहने वाले बीटेक और आईटीआई छात्र साइबर ठगों को बैंक खाता बेच रहे थे। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की टीम ने मयंक (19) और भगवान सिंह (21) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में पता चला कि मयंक आईटीआई छात्र है और इसने अपना खाता भगवान सिंह को कमीशन के लालच में बेचा था। बीटेक छात्र भगवान सिंह ने ये खाता आगे साइबर ठगों को बेचा था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि टेलीग्राम पर प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 9.87 लाख रुपये की ठगी में से 1 लाख रुपये इसी खाते में आए थे। दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए 2 दिन के रिमांड पर लिया गया है।
साइबर क्राइम थाना सेंट्रल में ये एफआईआर सेहतपुर एरिया की रहने वाली महिला ने दर्ज कराई थी। जिसमें आरोप लगाया गया कि उन्हें एक नंबर से कॉल आई और घर बैठे काम करके रुपये कमाने का लालच दिया गया। टास्क पूरे कर 1 से 3 हजार रुपये हर दिन कमाई का दावा किया गया। बाद में महिला को टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे का झांसा दिया गया। आरोपियों ने कहा कि आपके रुपये शेयर बाजार में निवेश किए जाएंगे। इस तरह महिला से 9.87 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। लेकिन रिफंड नहीं करने दिया गया। अब मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।