-केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के फरीदाबाद दौरे के मौके पर मोहन लाल बड़ौली ने पटका पहनाकर भाजपा में कराया शामिल
-दोनों नेताओं के अलावा कई अन्य कार्यकर्ताओं ने थामा भाजपा का हाथ
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष हरेंद्र भाटी और बहुजन समाज पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी किशन ठाकुर मंगलवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए। उन्हें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने पटका पहनाकर पार्टी में शामिल किया।
केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर एवं विपुल गोयल ने कहा कि दोनों के पार्टी में शामिल होने से विधानसभा चुनावों में लाभ होगा। विपुल गोयल ने सभी का भाजपा परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा एक विचारधारा है और हरेंद्र भाटी एवं किशन ठाकुर अपनी टीम के साथ हमारी विचारधारा में शामिल हो गए हैं।
उन्होंने सभी युवा साथियों को भरोसा दिलाया कि भाजपा में उनको पूरा मान-सम्मान मिलेगा। कहा कि प्रदेश में एक बार फिर नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। इस मौके पर भाजपा का दामन थामने वाले आम आदमी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष हरेंद्र भाटी ने कहा कि आम आदमी पार्टी लगातार भ्रष्टाचार में डूबती जा रही है। कहा कि नेतृत्व परिवर्तन के बाद आम आदमी पार्टी कमजोर होगी। इसलिए उन्होंने अपने साथियों के साथ विचार-विमर्श करके यह फैसला लिया है कि देशहित में और हिन्दुत्व की विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा को लाना जरूरी है। वह और उनकी पूरी टीम तन, मन, धन से फरीदाबाद में भाजपा का परचम लहराने का काम करेगी।
पूर्व बसपा नेता किशन ठाकुर ने कहा कि फरीदाबाद विधानसभा के लोग दिल से विपुल गोयल को प्यार करते हैं। हमें पूरी उम्मीद है एक बार फिर विधायक और उसके बाद मंत्री बनकर प्रदेश के विकास को नई दिशा देने का काम करेंगे। इस मौके पर रिंकू सिलानी, कुलदीप कौशिक, हेमंत कुमार, संदीप शर्मा सहित कई ने भाजपा का दामन थामा।