क्रेडिट कार्ड के रिवार्ड पॉइंट की एक्सपायरी डेट आगे बढ़ाने के नाम पर दिया वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। डेंटल क्लिनिक संचालक के साथ क्रेडिट कार्ड के रिवार्ड पॉइंट एक्सपायरी डेट को आगे बढ़ाने नाम पर 4.98 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने रिवार्ड पॉइंट की एक्सपायरी डेट को आगे बढ़ाने के लिए लिंक पर क्लिक करने को कहा। क्लिक करते ही उनके खाते से 4.98 लाख रुपये कट गए। थाना एनआईटी साइबर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर 21 सी निवासी नवीन मित्तल ने बताया कि वह डेंटल क्लिनिक के संचालक है। 21 जुलाई को उनके पास मैसेज आया कि बैंक के रिवार्ड पॉइंट एक्सपायर हो रहे हैं । उन रिवार्ड पॉइंट की तारीख को बढ़ाने के लिए एक लिंक पर क्लिक किया। क्लिक करने के बाद उनके फोन में एक्सिस बैंक का नया पेज खुल गया। उन्होंने ग्राहक आईडी को लॉग इन करने का प्रयास किया, तो मोबाइल पर ओटीपी जनरेट हो गया। ओटीपी एसएमएस से ऑटोफिल की सुविधा थी। ओटीपी सबमिट पर गलत ओटीपी होने का संदेश आया। जिस पर उनको शक हुआ तो उन्होंने मोबाइल पर एसएमएस में विक्रेता ओटीपी संदेश को पूरा पढ़ा, तो पता चला कि हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड को 4 लाख 98 हजार रुपये का भुगतान करने का ओटीपी है। पीड़ित को ठगी का काफी देर में पता चला। जिसके बाद उन्होंने ठगी की शिकायत 1930 पर की।