गुरुवार की सुबह फरीदाबाद निवासी नितिन अपने भाई मनीष के साथ फरीदाबाद से वृंदावन में बांके बिहारी की दर्शन के लिए कार में सवार होकर जा रहा था। जब उनकी कार नेशनल हाईवे स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल के समीप पहुंची तो अचानक उनकी कार के ब्रेक फेल हो गए।
ब्रेक फेल होने के बाद कार की ड्राइविंग कर रहे नितिन ने कार को रोकने के लिए दीवार में टक्कर मार दी तो अचानक तेज धमाके के साथ कार आग का गोला बन गई। इसी दौरान घटनास्थल के पास से गुजर रहे थाना प्रभारी राजेश कुमार सहित दो अन्य कर्मचारियों ने जलती कार में सवार दोनों भाइयों को सुरक्षित निकाल लिया और कार पूरी तरह जल गई।
इस दौरान जलती कार की साइड से निकल रही जेबीएम कंपनी की बस भी चपेट में आ गई। पुलिस ने मामले की सूचना दमकल विभाग के कर्मचारियों को दिए सूचना मिलते ही विभाग के कर्मचारी फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।