टर्फ मैदान पर छह ओवर के मुकाबलों में दम दिखाएंगे खिलाड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-78 स्थित टर्फ मैदान पर 26 जनवरी से बॉक्स क्रिकेट लीग की शुरुआत होने जा रही है। इसमें कुल आठ टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 51 सौ और उपविजेता टीम को 21 सौ रुपये इनामी राशि के तौर दिए जाएंगे। इस टर्फ क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए जिले के खिलाड़ी बेहद उत्साहित हैं। खिलाड़ियों क कहना है कि टेनिस बॉल से मैदान में क्रिकेट टूर्नामेंट कई बार खेले हैं, पर टर्फ पर अब तक टूर्नामेंट का अनुभव नहीं किया है।
हालांकि कुछ खिलाड़ी ऐसे भी हैं, जिनका कहना है कि यह चीज उनके लिए नई नहीं है। बता दें कि आठ टीमों के इस टूर्नामेंट में चार-चार टीमों को दो ग्रुप में बांटा जाएगा। जहां पर दोनों ग्रुप की टीमें अपने ग्रुप की सभी टीमों से एक-एक मुकाबला खेलेंगी। सभी मुकाबले होने के बाद दोनों ही ग्रुप से ऊपरी दो-दो टीमों को सेमी फाइनल में प्रवेश मिलेगा। प्रत्येक टीम में सात खिलाड़ी होंगे। इनमें से छह खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे जबकि अन्य एक खिलाड़ी अतिरिक्त के रूप में होगा।