फरीदाबाद। एसी नगर में किशोर तरुण की संदिग्ध मौत के मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी राजू और मृतक के भाई ध्रुव के बीच कोतवाली थाने में मारपीट हो गई। ध्रुव कानूनी प्रक्रिया से जुड़े काम के लिए थाने पहुंचा था, जहां प्राथमिकी में नामजद राजू पहले से मौजूद था।
दोनों के आमने-सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट हो गई। पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया। घटना के बाद मृतक पक्ष के करीब 10 से 15 लोग भी थाने पहुंच गए। मृतक के पिता का आरोप है कि मामले में राजू के अलावा पांच अन्य आरोपी भी शामिल हैं, जिन्हें अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। उनका दावा है कि घटना से पहले आरोपी घर के आसपास और क्षेत्र में किशोर को तलाशते हुए सीसीटीवी कैमरों में दिखाई दिए थे। परिवार ने इन फुटेज की जांच कर सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और किशोर की मौत से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। परिवार का कहना है कि घटना से पहले किशोर को तलाशने वाले लोगों की गतिविधियां जांच में महत्वपूर्ण हो सकती हैं। संवाद