बल्लभगढ़। धौज थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर तगा के पास गुरुग्राम नहर में बुधवार शाम एक व्यक्ति का शव बहता देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाया। मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। धौज थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि बुधवार शाम करीब 5:30 बजे सूचना मिली थी कि फतेहपुर तगा गांव के पास गुरुग्राम कैनाल में एक व्यक्ति का शव बह रहा है। प्रारंभिक जांच में शव करीब दो से तीन दिन पुराना होने का अनुमान है। मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआई मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखवा दिया है। संवाद