मंगल बाजार खेड़ीपुल में खरीदारी करने पहुंची महिला से हुई ठगी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। खेड़ी पुल क्षेत्र के मंगल बाजार में खरीदारी करने पहुंची एक महिला से तीन अज्ञात महिलाओं की ओर से ठगी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीनों महिलाओं ने बातचीत में उलझाकर उसके करीब 10 ग्राम वजन के सोने के कुंडल उतरवा लिए और बदले में रुमाल में लपेटकर दो पत्थर थमा दिए। महिला को ठगी का पता घर पहुंचने के बाद चला। शिकायत मिलने पर खेड़ी पुल थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, जीवन नगर निवासी शशी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक सितंबर की शाम करीब 6:30 बजे मंगल बाजार खेड़ी पुल में सामान खरीदने गई थी। इसी दौरान बाजार में उसे तीन अज्ञात महिलाएं मिलीं। तीनों उससे सामान खरीदने को लेकर बातचीत करने लगीं। कुछ समय के बाद वह उन महिलाओं के साथ साथ चलने लगी। कुछ दूरी पर मुख्य सड़क किनारे वह सभी बैठ गईं। उसके बाद उन महिलाओं ने उनको सम्मोहित कर लिया और उनसे बातचीत के दौरान कानों में पहने सोने के कुंडल उतरवा लिए। महिला के अनुसार इसके बाद तीनों ने कुंडल वापस करने की बात कहते हुए उन्हें रुमाल में लपेटकर उसके हाथ में दे दिया। पीड़ित ने घर पहुंचकर रुमाल खोला तो उसमें सोने के कुंडलों की जगह दो पत्थर मिले। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि इसकी जांच अपराध शाखा की टीम कर रही है। जिनको सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों की वीडियो भी मिल गई है। जिसमें सभी महिलाओं को देखा जा सकता है।