रविवार की रात दो बेटों के साथ लगाई थी छलांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। रविवार की रात नहर में कूदने वाले गांव सोतई के सिविल इंजीनियर भगवत दयाल और छोटे बेटे युग का शव मंगलवार देर शाम मिल गया। पिता का शव मथुरा के पास स्थित शेरगढ़ पैगाम के पास मिला, वहीं छोटे बेटे का शव हरियाणा और यूपी बॉर्डर के पास स्थित गांव शेखशाही के पास मिला। दोनों शवों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। इससे पहले बड़े बेटा सम्राट घटना स्थल से पांच किलोमीटर दूर सुरक्षित मिल गया था।
9 घंटे तक पेड़ की टहनी पकड़े रहा सम्राट
बड़े बेटे सम्राट ने बताया कि वह बहुत दूर तक पानी में बह गया था। इसी दौरान नहर किनारे खड़े पेड़ की एक टहनी पानी के अंदर तक आ रही थी। मैंने उसे पकड़ लिया और रात भर उसी टहनी के सहारे पानी में लटका रहा। सुबह होने पर वहां से गुजर रहे एक युवक और उसके साथियों ने देखा और पानी में कूदकर बाहर निकाल लिया। सम्राट करीब 9 घंटे तक पानी में लटका रहा, जिससे उसका शरीर सफेद पड़ गया था। युवक उसे तुरंत अपने घर ले गए । बच्चे को बचाने वाला युवक राजेंद्र (23) कुछ दिन पहले ही जेल से पैरोल पर बाहर आया था। राजेंद्र ने बताया कि वह अपने एक दोस्त के साथ सोमवार की सुबह 7 बजे नहर के किनारे घूमने के लिए गया था। इसी दौरान बचाओ-बचाओ की आवाज सुनाई दी। नहर की झाड़ियों में उन्होंने इधर-उधर तलाश किया, लेकिन कुछ नहीं मिला। इसी दौरान उसकी नजर नहर में गई। उसने देखा कि पेड़ की टहनी का एक हिस्सा पानी में डूबा हुआ था, जो किनारे से कई फिट दूर थी। टहनी को एक बच्चे ने पकड़ा हुआ है। उन्होंने बिना देरी किए नहर में छलांग लगा दी और अपने दोस्त की मदद से बच्चे को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया।
दिल्ली के युवक का शव भी मिला
पुलिस और गोताखोरों की टीम भगवत दयाल और उसके छोटे बेटे युग को ढूंढ रही थी। तभी टीम को गांव शाहपुर कलां और डींग के बीच में बह रही आगरा नहर में एक युवक का शव मिला । कपड़ों की जांच की तो उसके पास आधार कार्ड मिला। उसी आधार कार्ड से युवक की पहचान दिल्ली के मोलरबंद के रहने वाले मनोज यादव के रूप में हुई है। युवक के शरीर पर चोट के निशान नहीं है। पुलिस के अनुसार शव दो से तीन दिन पुराना है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल का कहना है कि वह दिल्ली पुलिस से इसको लेकर संपर्क करेंगे। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।