-मामूली कहासुनी को लेकर कर्मचारियों में चले लात-घूंसे
-गंभीर रूप से घायल को पीजीआई रोहतक रेफर किया
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नगीना थाना क्षेत्र के गांव मांडीखेड़ा के पास स्थित एक मीट फैक्टरी में मामूली कहासुनी को लेकर काम करने वाले वर्करों के बीच खूनी झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान जमकर लात-घूंसे और चाकू चले, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की हालत नाजुक होने पर उसे पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिरोजपुर जलालपुर निवासी बाबूदीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा कासिम पिछले करीब चार साल से मांडीखेड़ा स्थित अल-नावेद मीट फैक्टरी में काम करता है। आरोप है कि शनिवार को फैक्टरी में कुछ युवकों ने कासिम पर चाकू-छुरी से हमला कर दिया। करीब 8 से 10 युवकों ने मिलकर उसपर हमला किया। जब गांव के कुछ युवक उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस दौरान एक अन्य युवक को भी चाकू मारकर घायल कर दिया गया और उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की गई।
हमले में गंभीर रूप से घायल कासिम को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत ज्यादा बिगड़ने पर उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। फिलहाल वह पीजीआई में भर्ती है और उसका इलाज जारी है। नगीना थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।