जिला शिक्षा विभाग ने जारी किया प्रतियोगिताओं का कैलेंडर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिला शिक्षा विभाग ने अंडर-17 और अंडर 19 आयुवर्ग की खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का कैलेंडर जारी कर दिया है। प्रतियोगिताएं 15 जुलाई से 22 जुलाई तक जिले के विभिन्न विद्यालयों और खेल स्थलों पर आयोजित होंगी। शिक्षा विभाग द्वारा जारी खेल कैलेंडर के अनुसार कराटे प्रतियोगिता 15 से 18 जुलाई तक की एडीएसआर सीनियर सेकेंडरी स्कूल डबुआ कॉलोनी में आयोजित होगी। इसके अनुसार 15 व 16 जुलाई को फरीदाबाद खंड और 17 एवं 18 जुलाई को बल्लभगढ़ खंड के स्कूलों के मुकाबले कराए जाएंगे। वहीं जूडो के मुकाबले भी 15 से 18 जुलाई तक राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बल्लभगढ़ में होंगे। इसमें 15 व 16 जुलाई को फरीदाबाद और 17 व 18 जुलाई को बल्लभगढ़ के विद्यालयों की प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल में 15 जुलाई को फरीदाबाद खंड के और 16 जुलाई को बल्लभगढ़ खंड की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
15 व 16 जुलाई को बल्लभगढ़ खंड के स्कूलों की एथलेटिक प्रतियोगिता राजकीय उच्च विद्यालय जुन्हेड़ा तथा 17 एवं 18 जुलाई को फरीदाबाद खंड के स्कूलों की एथलेटिक प्रतियोगिता सेक्टर-12 स्थित राज्य खेल परिसर में संपन्न होंगी। खो-खो और कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन 16, 17, 18 और 20 जुलाई को ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल सुनपेड़ तथा राजकीय उच्च विद्यालय एनआईटी-2, तिकोना पार्क में किया जाएगा। वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं सतयुग दर्शन विद्यालय भूपानी में होगी। बालिका वर्ग की प्रतियोगिताएं 15 से 18 जुलाई तक तथा बालक वर्ग की प्रतियोगिताएं 19 से 22 जुलाई तक आयोजित की जाएंगी।
स्पोर्ट्स फंड जमा कराने वाले ही लेंगे हिस्सा
सहायक मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रेम शर्मा ने बताया कि सभी स्कूलों को पत्र जारी किया गया है कि सरकार द्वारा तय मानकों के अनुसार सभी को स्पोर्ट्स फंड जमा कराना आवश्यक है। उसके बिना कोई भी स्कूल प्रतियोगिताओं में हिस्सा नहीं ले सकेगा। समय से पूर्व सभी स्कूल अपना स्पोर्ट्स फंड अवश्य जमा कराएं।