30 से अधिक खेलों में दम दिखाएंगे छात्र-छात्राएं
नंबर गेम-20 हजार से अधिक खिलाड़ी उतरेंगे मैदान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने सत्र 2026-27 की ब्लॉक एवं जिलास्तरीय स्कूल खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में सोमवार से खंड स्तरीय प्रतियोगिताओं का आगाज होने जा रहा है। खेल प्रेमियों के लिए यह एक बड़ा उत्सव है, जिसमें जिले के सरकारी और निजी स्कूलों के 20 हजार से भी अधिक छात्र-छात्राएं अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए नजर आएंगे। यह प्रतियोगिताएं 25 जुलाई तक चलेंगी।
प्रतियोगिता को तीन आयु वर्गों में बांटा गया है, जिसमें अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इस प्रतियोगिता में छठी कक्षा और उससे ऊपर के विद्यार्थी ही भाग लेने के पात्र होंगे। प्रतियोगिता के दौरान 30 से भी अधिक खेलों के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इनमें मुख्य रूप से एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, फुटबॉल, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, क्रिकेट, कबड्डी, खो-खो, योग, कुश्ती, शतरंज, कराटे और ताइक्वांडो जैसे खेल शामिल हैं।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इन आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी छिपी हुई खेल प्रतिभा को सामने लाने का एक बेहतरीन मंच मिलेगा। खंड स्तर पर जो भी खिलाड़ी विजेता बनेंगे, उन्हें जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। सहायक खेल शिक्षा अधिकारी प्रेम शर्मा ने कहा कि पहले दिन कराटे और योगा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।