ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर 77 केएलजे सोसायटी फ्लेट में सिलिंडर फटने पर लगी आग रसोई में बिखरा पड़ा सिल?
- फोटो : Faridabad
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद स्थित केएलजे सोसायटी में मंगलवार दोपहर एक फ्लैट में खाना बनाते समय सिलिंडर में आग लग गई। आग बुझाने के प्रयास में महिला के दोनों हाथ झुलस गए। धमाका इतना जोरदार था कि सिलिंडर फटकर रसोई की खिड़की से सीधे नीचे आकर गिरा।
हालांकि, फायर ब्रिगेड के मौके पर पहुंचने से पहले ही आसपड़ोस के लोगों ने आग पर काबू पा लिया था। सेक्टर-77 केएलजे सोसायटी निवासी विवेक श्रीवास्तव एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। सोसायटी में उनका फ्लैट पहली मंजिल पर है। मंगलवार सुबह वह अपने काम पर चले गए थे, जबकि उनका सात साल का बेटा स्कूल चला गया था। घर में उनकी पत्नी अल्पना थीं। दोपहर करीब दो बजे अल्पना खाना बना रही थी।
इस दौरान सिलिंडर से गैस का रिसाव होने लगा और अचानक उसमें आग लग गई। उन्होंने आग को बुझाने का प्रयास भी किया। इस दौरान मदद के लिए उनकी आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग पहुंच गए। आग फैलते देख पड़ोसी उन्हें बाहर ले आए और आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दे दी।
दमकल गाड़ी से पहले पड़ोसियों ने बुझाई आग
प्रत्यक्षदर्शी पवन पांचाल ने बताया कि अल्पना व अन्य लोगों के बाहर आने के कुछ ही मिनटों बाद अचानक जोरदार धमाके के साथ सिलिंडर फट गया और रसोई घर की जाली को तोड़ता हुआ नीचे आ गिरा। धमाका इतना जोरदार था कि आसपड़ोस के फ्लैट की खिड़कियों के शीशे टूट गए। वहीं विवेक के घर में आग फैलती देख लोगों ने ही उस पर पानी डालना शुरू कर दिया।
जब तक दमकल गाड़ी पहुंचती, पड़ोसियों ने ही आग पर काबू पा लिया था मगर आग से घर की रसोई पूरी तरह जल गई। इसके अलावा ड्राइंग रूम व अन्य कमरों में भी आग से नुकसान हुआ है। आग बुझाने के प्रयास में अल्पना श्रीवास्तव के दोनों हाथ झुलस गए हैं। सूचना मिलने पर उनके पति भी घर पहुंच गए और उन्हें अस्पताल ले गए, जहां उनका उपचार चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटना की जांच कर रही है।