बूथ संगठन मजबूत करने का लिया संकल्प
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से जिले के सभी 144 शक्ति केंद्रों पर टिफिन बैठकों का आयोजन किया। दो दिवसीय इस अभियान के तहत जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ आयोजित बैठकों में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सभी कार्यकर्ताओं ने एक साथ बैठकर टिफिन साझा किया और संगठन विस्तार की रणनीति पर चर्चा की।
जिला मीडिया प्रभारी जतिन बुसरी ने बताया कि प्रत्येक शक्ति केंद्र पर संबंधित बूथों के कार्यकर्ताओं को एक मंच पर एकत्रित किया गया। जिला अध्यक्ष समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अलग-अलग शक्ति केंद्रों पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद किया और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों के संबंध में मार्गदर्शन दिया। बैठकों में पार्टी की विचारधारा, संगठन की कार्यप्रणाली तथा केंद्र और हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म और सरल एप का बताया उपयोग
कार्यकर्ताओं को डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म, सरल एप के उपयोग, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ''मन की बात'' कार्यक्रम के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने तथा बूथ कार्यकारिणी, एसआईआर और बूथ स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी भी दी गई। संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक शक्ति केंद्र के अंतर्गत आने वाले बूथों की समितियों को सक्रिय करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके तहत हर बूथ पर 25-25 कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करने की रणनीति बनाई गई, ताकि पार्टी की नीतियों और सरकार की योजनाओं का लाभ हर परिवार तक पहुंच सके।