नूंह। फरीदाबाद से चोरी हुई मोटरसाइकिल के साथ एक व्यक्ति को नूंह शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ चोरी की मोटरसाइकिल रखने के जुर्म में आपराधिक मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है। शहर थाने की पुलिस चेकिंग के लिए नूंह बाईपास रोड नजदीक गांव अड़बर में मौजूद थी। तभी पुलिस को एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी, जिसे रुकने का इशारा किया। लेकिन मोटरसाइकिल चालक रुकने की बजाए वापस मुड़कर जाने लगा, जिसे पुलिस ने काबू कर लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम खालिद निवासी मीरपुर थाना हथीन जिला पलवल बताया। मोटरसाइकिल पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी तो पुलिस ने उससे मोटरसाइकिल के कागज मांगे, जिन्हें वह पेश नहीं कर सका। जांच करने पर पाया कि मोटरसाइकिल फरीदाबाद के थाना सेक्टर 58 से चोरी की गई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद