फरीदाबाद। बाटा मेट्रो स्टेशन के पास मंगलवार दोपहर एक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल बाइक सवार को बीके अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार एक कंक्रीट मिक्सर वाहन चालक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी लोहे की ग्रिल में जा घुसी। इसी दौरान दोनों वाहनों की चपेट में एक मोटरसाइकिल सवार भी आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हादसे के कारण कार का अगला व पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि सड़क किनारे लगी ग्रिल भी टूट गई। पुलिस की टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को सामान्य कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद