गांव प्याला में हेलीकॉप्टर के पंखे से चोट लगने के बाद जमीन पर बैठा पायलट। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत
- फोटो : Faridabad
फरीदाबाद। गांव प्याला में बृहस्पतिवार शाम पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को लेकर उड़ान भरने की तैयारी कर रहे एक निजी कंपनी के हेलीकॉप्टर के पंखे (रोटोर) की चपेट में आने से हेलीकॉप्टर का को-पायलट घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां से उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। नागर विमानन निदेशालय (डीजीसीए) ने जानकारी मिलने पर इसकी जांच शुरू कर दी है। डीजीसीए का एक अधिकारी शुक्रवार को घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचा।
पृथला विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी रघुबीर सिंह तेवतिया ने बृहस्पतिवार को नामांकन दाखिल किया था। नामांकन के बाद शाम को गांव सीकरी में उन्होंने जनसभा का आयोजन किया था, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी आए थे। हुड्डा दिल्ली से पहले होडल और फिर वहां से सीकरी आए थे। भूपेंद्र हुड्डा जनसभा में भाग लेने के लिए एक निजी कंपनी मैसर्स एरोटेक एविएशन के हेलीकॉप्टर में सवार होकर पहुंचे थे। उनके हेलीकाप्टर को नजदीक ही प्याला गांव के फुुटबॉल मैदान में उतारा गया था। शाम करीब 6.30 बजे जब भूपेंद्र हुड्डा वापस जाने के लिए हेलीकॉप्टर में सवार हुए तो उसमें बैठे पायलट ने इंजन स्टार्ट कर दिया, जिससे उसके पंखे घूमने शुरू हो गए।
इस दौरान हेलीकॉप्टर का सह-पायलट बाहर ही खड़ा था और पंखों के दायरे में आ गया। इससे हेलीकॉप्टर का पंख उनके माथे पर लगा। गनीमत थी कि इंजन उसी समय स्टार्ट होने के कारण पंखे धीमे घूम रहे थे। पायलट ने उसी समय जमीन पर बैठकर अपनी जान बचाई। इसके बाद इंजन बंद कर घायल पायलट को अस्पताल पहुंचाया गया। डीजीसीए के सूत्रों के अनुसार सूचना मिलने पर शुक्रवार को एक अधिकारी को मौके पर जांच के लिए भेजा गया। इस घटना की दिनभर प्याला व आसपास के गांवों में भी चर्चा होती रही।