फरीदाबाद के बल्लभगढ़ गांव मुजेड़ी में घर के बाहर खेल रहे बच्चे पर पिटबुल कुत्ते ने हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया। इसी दौरान मां आ गई और बच्चे को कुत्ते के चंगुल से बचाया। घटना के बाद बच्चा काफी डरा हुआ है। दोनों पैर व हाथों पर कुत्ते के काटने के निशान हैं।
गांव मुजेड़ी निवासी बुलबुल ने बताया कि बेटा लवकुश (10) दूसरी कक्षा का छात्र है। बृहस्पतिवार को पड़ोसी के पिटबुल कुत्ते के साथ खेल रहा था। कुछ समय तक तो कुत्ते का मालिक भी बच्चे व कुत्ते के पास बैठा हुआ था। मालिक के जाने के बाद कुत्ते ने अचानक से लवकुश पर हमला कर दिया। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर मां समेत अन्य घर से बाहर आए और बचाया।
पिटबुल कुत्ते ने बेटे के पैर व हाथों पर कई जगह काट लिया। जिसकी वजह से गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए बल्लभगढ़ स्थित सरकारी अस्पताल में लेकर आए। डॉ. अभिषेक गौत्तम द्वारा उपचार व एंटी रैबिज का टीका लगाया गया। डॉ. अभिषेक ने बताया कि पिटबुल कुत्ता दूसरे कुत्तों के मुकाबले काफी खतरनाक होता है। बच्चे की हालत अभी ठीक नहीं है। डॉक्टर अभिषेक ने बताया कि पिटबुल कुत्ते के काटने के बाद सभी को खून की जांच करवानी चाहिए। जांच की रिपोर्ट में अगर कोई कमी पाई जाती है तो उसके बाद उपचार किया जा सकता है। मां बुलबुल ने बताया कि बच्चा हादसे के बाद काफी सहमा हुआ है।
पहले भी आ चुके हैं मामले
शहर में कुत्ते काटने के कई मामले आ चुके हैं। पिटकुल कुत्ते के काटने का यह पहला मामला है। नागरिक अस्पताल बीके में हर माह करीब 1800 लोगों को रैबिज का टीका लगता है। शहर में बेसहारा कुत्ते अक्सर लोगों को निशाना बनाते रहते हैं। आरडब्ल्यूए लगातार ऐसे कुत्तों को पकड़ने की मांग नगर निगम से करती रहती है।