निजी अस्पताल चलाने वाले ईएनटी डॉक्टर के साथ हुई वारदात
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बीके चौक के पास निजी अस्पताल चलाने वाले ईएनटी के एक डॉक्टर के साथ दोस्ती कर भरोसा जीतने के बाद निवेश के बहाने 4.43 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।
पीड़ित डॉक्टर ने बताया कि शुरुआत एक डेटिंग साइट पर हुई, जहां महिला ने अपना नाम ऋषिता बताया। बातचीत के बाद महिला ने ऋभ नाम के एक साथी से परिचय करवाया। जो खुद को फाइनेंशियल एडवाइजर बताता था। आरोपियों ने डॉक्टर को एक साइट पर अकाउंट खोलकर ट्रेडिंग और निवेश शुरू करने को कहा। शुरुआत में 47,200 रुपये की छोटी-सी राशि वापस लौटाकर उन्हें विश्वास में लिया गया और फिर धीरे-धीरे आरोपी अलग-अलग बैंक खातों में बड़ी राशियां ट्रांसफर करवाते रहे। बाद में जब डॉक्टर ने पैसे निकालने का प्रयास किया तो पता चला कि उनके फंड का कोई अता-पता नहीं और वेबसाइट पर दिखाया जाने वाला लाभ भी नहीं निकला।
साइबर थाना एनआईटी ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि जांच जारी है। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि अपराधी-समूह डेटिंग प्लेटफॉर्म का उपयोग ठगी के लिए कर रहा है। गिरोह के सदस्य भावनात्मक नाता बनाकर भरोसा जीतते हैं और फिर निवेश के बहाने ठगी कर लेते हैं।