दो युवकों के पेट और सिर में मारी बीयर की बोतल
सड़क पर खाली बोतल फेंकने पर शुरू हुआ था विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सैनिक कॉलोनी स्थित शराब ठेके का पास बीयर पीने के बाद खाली बोतल सड़क पर फेंकना दो युवकों को भारी पड़ गया। आरोप है कि बदमाशों ने दोनों के सिर पर शराब से भरी बोतल मारी और टूटी बोतल से उनके गर्दन, पेट और छाती पर वार किया। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां से एक को दिल्ली रेफर कर दिया गया। एसजीएम नगर थाना पुलिस ने केस दर्जकर जांच शुरू कर रही है।
घायलों की पहचान मूलरूप से मऊ (उत्तर प्रदेश) निवासी उमाशंकर और ब्रजेश के रूप में हुई है। दोनों सैनिक कॉलोनी और डबुआ की नवादा कॉलोनी में किराए के मकान में रहते हैं और आपस में रिश्तेदार हैं। उमाशंकर ने पुलिस को बताया है कि वह मकान बनाने का ठेका लेता है। शनिवार शाम को वह जीजा ब्रजेश के साथ सैनिक कॉलोनी के पास शराब के ठेके पर बीयर पी रहा था। बीयर खत्म होने पर दोनों ने खाली बोतल ठेका के पास ही सड़क किनारे फेंक दी।
इस बात पर सड़क से गुजर रहे बाइक सवार दो युवक नाराज हो गए और झगड़ा करने लगे। आसपास खड़े लोगों ने मामला शांत कराया। इसके बाद उमाशंकर और ब्रजेश बाइक पर बैठकर घर जाने लगे। आरोप है कि थोड़ी दूरी पर ही दोनों युवकों ने उन्हें रोका और उमाशंकर के सिर पर शराब की बोतल मार दी। बीच-बचाव करने पर टूटी शराब की बोतल से ब्रजेश के पीठ, पेट, गर्दन, छाती व शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए। लोगों को आता देख आरोपी दोनों को जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने दोनों को बीके अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से ब्रजेश को दिल्ली रेफर कर दिया गया।