महाराष्ट्र में आयोजित 38वीं सीनियर राष्ट्रीय बेसबॉल प्रतियोगिता में हरियाणा की टीम ने कास्य पदक
38वीं सीनियर राष्ट्रीय बेसबॉल प्रतियोगिता में कांस्य पदक किया अपने नाम
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। अमरावती (महाराष्ट्र) में 10 से 14 सितंबर तक आयोजित 38वीं सीनियर राष्ट्रीय बेसबॉल प्रतियोगिता में हरियाणा टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में फरीदाबाद के गांव पनहेड़ा खुर्द स्थित ब्रिगेडियर चंद्र सिंह बेसबॉल एकेडमी के खिलाड़ी मनीष, मुकुल और कृष्ण कुमार ने हिस्सा लिया और बेहतरीन खेल दिखाया।
टीम की सफलता में एकेडमी के कोच पारस गौड़ और टीम कोच नवीन कौशिक की मेहनत का बड़ा योगदान रहा। इससे पहले भी फरीदाबाद की टीम ने हरियाणा स्तर पर गोल्ड मेडल जीता था। लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे इन खिलाड़ियों ने न केवल अपने गांव का बल्कि पूरे हरियाणा प्रदेश का नाम रोशन किया है।
गांव वापसी पर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत हुआ। पनहेड़ा खुर्द के ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से लादकर उनका अभिनंदन किया। खिलाड़ियों ने भी परंपरा का निर्वाह करते हुए गांव के बुजुर्गों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। ग्रामीणों ने उन्हें प्रदेश व देश स्तर पर और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
मनीष, मुकुल और कृष्णा ने कहा कि वे भविष्य में और अधिक मेहनत कर गांव, जिले और प्रदेश का मान बढ़ाते रहेंगे। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय कोचों और ग्रामीणों के आशीर्वाद को दिया। गौरतलब है कि ब्रिगेडियर चंद्र सिंह बेसबॉल एकेडमी पनहेड़ा खुर्द ने पिछले कुछ वर्षों में कई राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार किए हैं। यहां के युवा अब खेलों के जरिये प्रदेश की पहचान बना रहे हैं। खिलाड़ियों के प्रदर्शन से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है और सभी को उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में ये खिलाड़ी देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मेडल लेकर आएंगे।