प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी नहीं दे रहे जवाब
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ का प्रदूषण स्तर दिल्ली से भी खतरनाक स्थिति में पहुंच गया है। दिल्ली में लगाए नए प्रतिबंधों के बाद प्रदूषण के स्तर में कमी आई है। रविवार को दिल्ली का एक्यूआई 366 था जो सोमवार को घटकर 309 पर पहुंच गया। वहीं बल्लभगढ़ के प्रदूषण स्तर में बिल्कुल भी सुधार देखने को नहीं मिल रहा है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी प्रदूषण की स्थिति पर जवाब देने से बच रहे हैं।
सुबह के तापमान में गिरावट की वजह से प्रदूषण के स्तर में इजाफा हुआ है। सोमवार सुबह से ही प्रदूषण की वजह से आसमान में स्मॉग छाई रही। स्मॉग की वजह से दृश्यता कम रही।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा वायु गुणवत्ता सूचकांक के अनुसार सोमवार को बल्लभगढ़ का प्रदूषण स्तर 320 दर्ज किया गया। वहीं फरीदाबाद का प्रदूषण का स्तर 198 दर्ज किया गया। पिछले एक हफ्ते से बल्लभगढ़ का एक्यूआई 300 से ऊपर बना हुआ है। लोग प्रदूषण की स्थिति को लेकर डरे हुए हैं। उन्हें आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि प्रदूषण की स्थिति आंकड़ों से कहीं अधिक खराब है।
बल्लभगढ़ देश के सबसे प्रदूषित शहरों में शामिल हो गया है। यहां की खराब आबोहवा ने दिल्ली को भी पीछे छोड़ दिया है। यह लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अपनी नाकामी छुपाने में लगे हैं। फरीदाबाद क्षेत्र के सेक्टर-16 ए की एयर क्वालिटी मॉनीटरिंग मशीन लंबे समय से खराब पड़ी हैं। अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को लेकर टालमटोल कर रहे हैं।
वर्जन -
प्रदूषण का स्तर एक समान क्यों बना हुआ है, इसके बारे में क्षेत्रीय अधिकारी ही बता पाएंगे। सुनील सोरांग, लैब इन्चार्ज, फरीदाबाद