कूड़े के ढेरों में लगाई जा रही आग और सड़कों पर उड़ती धूल हवा को कर रही प्रदूषित
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में चिलचिलाती धूप ने तापमान बढ़ा दिया है। गर्मी अभी भी जिलेवासियों पर सितम ढहा रही है। पांच वर्ष बाद इस बार अक्तूबर में तापमान 37 डिग्री तक पहुंचा है। इससे पूर्व 2020 में अक्तूबर में इतना अधिक तापमान रहा था। दूसरी तरफ नेशनल हाइवे किनारे बने कूड़े के ढेरों में रात के अंधेरे में लग रही आग और सड़कों पर उड़ती धूल हवा को प्रदूषित कर रही है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक जिले की हवा अभी साफ श्रेणी में बनी हुई है। जबकि बल्लभगढ़ की हवा खराब श्रेणी में पहुंच गई है। यहां का एक्यूआई 137 तक पहुंच गया है।
अक्तूबर में मौसम सामान्य हो जाता है लेकिन इस वर्ष उमस भरी गर्मी और चिलचिलाती धूप ने लोगों को परेशान कर दिया है। गर्मी अधिक रहने की वजह से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। रात को न्यूनतम तापमान 24 डिग्री दर्ज किया जा रहा है, जबकि इस समय रात का तापमान 20 डिग्री तक पहुंच जाता है और गुलाबी ठंड का अनुभव होने लगता था। मौसम विभाग की मानें तो 15 अक्तूबर तक तापमान 38 डिग्री तक पहुंच सकता है। 22 अक्तूबर से मौसम में बदलाव हो सकता है। मौसम विभाग ने 22 अक्तूबर को बारिश की संभावना व्यक्त की है।
साफ हवा में सांस ले रहे फरीदाबादवासी
फरीदाबाद की आबोहवा कई दिनों से सामान्य बनी हुई है। फरीदाबाद का एक्यूआई 80 बना हुआ है। लोग स्वच्छ हवा में सांस ले रहे हैं। हालांकि, बल्लभगढ़ की हवा में मामूली रूप से प्रदूषण का प्रभाव दिखाई देता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार बल्लभगढ़ का वायु गुणवत्ता सूचकांक 137 पहुंच गया है। बल्लभगढ़ में प्रदूषण के स्तर बढ़ने की मुख्य वजह कूड़े के ढेर में आग लगाना और भवन निर्माण है। इसके अलावा सड़क पर उड़ती धूल हवा को ज्यादा प्रदूषित कर रही है।
सड़क की धूल पर रहेगी नजर
स्मार्ट सिटी फिलहाल ग्रैप की पाबंदियों से मुक्त चल रही है। इस बार प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने प्रदूषण को नियंत्रित बनाए रखने के लिए अहम कदम उठाने का फैसला किया है। धूल पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए एफएमडीए, नगर निगम, एचएसवीपी और पीडब्ल्यूडी को संबंधित सड़कों पर नियमित रूप से झाड़ू लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा नगर निगम को प्रदूषण बढ़ने की सूरत में नियमित रूप से एंटी स्माॅग गन चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा प्रदूषण नियंत्रण विभाग जगह-जगह लगने वाली आग पर नियंत्रण बनाए रखेगा। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी संदीप सिंह ने बताया कि हमारी तरफ से तैयारी पूरी है और सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।