आरोपी पर शादी का झांसा देकर 20 से 25 लाख रुपये और आभूषण ऐंठने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। वैवाहिक वेबसाइट पर खुद को कस्टम विभाग का वरिष्ठ अधिकारी बताकर महिलाओं से लाखों रुपये व जेवर ठगने के आरोपी सोमदत्त कौशिक की जमानत याचिका अदालत ने खारिज कर दी है। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश लोकेश गुप्ता की अदालत ने यह फैसला सुनाया। आरोपी पर शादी का झांसा देकर 20 से 25 लाख रुपये और आभूषण ऐंठने का आरोप है।
अदालत ने अपराध की गंभीरता, कई महिलाओं के साथ धोखाधड़ी के आरोप और गवाहों को प्रभावित करने की आशंका को जमानत न देने का आधार माना। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने ''रक्षित शर्मा'' के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाई थी। वह खुद को कस्टम विभाग का इंस्पेक्टर बताता था और वर्दी में तस्वीरें दिखाता था। एक महिला से उसने 20 से 25 लाख रुपये, सोने के आभूषण, क्रेडिट कार्ड बिलों का भुगतान और वाहन की मांग की। महिला ने शारीरिक शोषण का भी आरोप लगाया है। इस धोखाधड़ी में परिवार के कुछ सदस्यों के सहयोग का भी आरोप है।
अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश में दो, गुरुग्राम और दिल्ली में एक-एक अन्य मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को 18 अप्रैल 2025 को गिरफ्तार किया था। बाद में गंभीर तथ्य सामने आने पर 13 अक्तूबर 2025 को उसे दोबारा गिरफ्तार कर नीमका जेल भेजा गया। वह तभी से न्यायिक हिरासत में है।