सेक्टर-3 में नगर निगम करेगा खेल सुविधाएं विकसित
1.09 करोड़ होंगे खर्च
रोहित शर्मा
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ के खिलाड़ियों को अब और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। नगर निगम सेक्टर-3 में ओवरहेड टैंक के पास बैडमिंटन, वॉलीबाॅल और बास्केटबॉल कोर्ट का निर्माण कराएगा। इसके लिए करीब 1 करोड़ 9 लाख 62 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। खेल कोर्ट तैयार होने के बाद क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपने आसपास ही अभ्यास और खेल प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा। नगर निगम के एक्सईएन डालचंद ने बताया कि टेंडर की प्रक्रिया को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
नगर निगम ने वार्ड-40 में इस निर्माण कार्य कराने की योजना तैयार की है। यहां पर निगम की जमीन भी मौजूद है, जहां पर यह निर्माण काम कराया जाएगा। योजना के तहत तीन प्रमुख खेलों के लिए अलग-अलग कोर्ट विकसित किए जाएंगे। इन खेल मैदानों में खिलाड़ियों की जरूरत के अनुसार आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इससे बच्चों और युवाओं को खेलों की नियमित प्रैक्टिस के लिए दूर-दराज के मैदानों या निजी खेल केंद्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। नवंबर के अंतिम सप्ताह में ही निर्माण काम शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा आगे बढ़ने का अवसर
शहर में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन कई बार उचित मैदान और अभ्यास की सुविधाएं नहीं मिलने के कारण खिलाड़ियों को आगे बढ़ने में परेशानी होती है। सेक्टर-3 में खेल कोर्ट विकसित होने से स्थानीय स्तर पर खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिलेगा। यहां बच्चे और युवा बैडमिंटन, वॉलीबाल और बास्केटबॉल का नियमित अभ्यास कर सकेंगे। इससे जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं के साथ राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की तैयारी कर रहे खिलाड़ियों को भी लाभ मिल सकेगा।
आउटडोर खेलों से जुड़ेंगे बच्चे और युवा
मोबाइल और इंटरनेट के युग में बच्चे और युवा धीरे-धीरे आउटडोर खेलों से दूर होते जा रहे हैं। क्षेत्र में खेल सुविधाएं विकसित होने से बच्चों और युवाओं का इसके प्रति रुझान बढ़ेगा और ज्यादा संख्या में युवा इससे जुड़ेंगे। इसके अलावा कोर्ट तैयार होने के बाद इसका लाभ केवल प्रतियोगिताओं की तैयारी करने वाले खिलाड़ियों तक सीमित नहीं रहेगा। आसपास के सेक्टरों के बच्चों और युवाओं को भी खेल गतिविधियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।