फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: बड़खल को मिलेगा आधुनिक एसडीएम कॉम्प्लेक्स, 1.30 करोड़ से हाईटेक सुविधाएं विकसित होंगी

विज्ञापन
विज्ञापन
एक ही छत के नीचे होंगे प्रशासनिक कार्य, इधर-उधर भटकने से मिलेगी राहत
विज्ञापन


अमर उजाला ब्यूरो

फरीदाबाद। बड़खल क्षेत्र के निवासियों को जल्द ही प्रशासनिक कार्यों के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिलने वाली है। शहर की बढ़ती आबादी और प्रशासनिक दबाव को देखते हुए हरियाणा सरकार ने बड़खल में आधुनिक एसडीएम (एसडीओ सिविल) कॉम्प्लेक्स के निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी है।
लोक निर्माण विभाग ने परिसर में अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित करने के लिए लगभग 1.30 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है। बड़खल, एनआईटी और आसपास की कॉलोनियों में बीते वर्षों में तेजी से आबादी बढ़ी है। नए रिहायशी सेक्टरों और अपार्टमेंट्स के बसने के बाद प्रशासनिक कार्यों का बोझ भी बढ़ा है। प्रमाण पत्र, आय-जाति प्रमाण पत्र, रजिस्ट्री, लाइसेंस और अन्य राजस्व संबंधी कार्यों के लिए लोगों को अलग-अलग स्थानों पर जाना पड़ता है। कई बार एक ही काम के लिए दिनभर में दो-तीन कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। नया एसडीएम कॉम्प्लेक्स इस समस्या का समाधान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
विज्ञापन


प्रस्तावित परिसर में तहसील कार्यालय, उपमंडल अधिकारी (सिविल) कार्यालय और अन्य संबंधित शाखाएं एक ही परिसर में संचालित होंगी। इससे लोगों को अधिकांश प्रशासनिक सेवाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी। विशेष रूप से बुजुर्ग, महिलाएं और दिव्यांगजन को इसका सीधा लाभ होगा, जिन्हें बार-बार कार्यालय बदलने में कठिनाई होती है। समय और परिवहन खर्च में भी कमी आएगी।


सात महीने में पूरा करने का लक्ष्य
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार संबंधित तकनीकी कार्यों को सात माह के भीतर पूरा करना होगा। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि भवन लंबे समय तक मजबूत और उपयोगी बना रहे। समयबद्ध तरीके से परियोजना पूरी करना प्रशासन की प्राथमिकता में शामिल है ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द सुविधा मिल सके। यह कॉम्प्लेक्स केवल पारंपरिक भवन नहीं होगा बल्कि इसे आधुनिक तकनीक से लैस किया जाएगा। परिसर में ईएलवी (एक्स्ट्रा लो वोल्टेज) सेवाएं स्थापित की जाएंगी। इसके तहत आधुनिक नेटवर्किंग सिस्टम, हाई-स्पीड डेटा कनेक्टिविटी, सीसीटीवी निगरानी और डिजिटल कम्युनिकेशन सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इन व्यवस्थाओं से फाइलों और दस्तावेजों का आदान-प्रदान तेज और सुरक्षित होगा। सुरक्षा की दृष्टि से पूरा परिसर निगरानी तंत्र से जुड़ा रहेगा।


डिजिटल गवर्नेंस को मिलेगा बढ़ावा

प्रदेश में सरकारी सेवाओं को ऑनलाइन और पारदर्शी बनाने पर जोर दिया जा रहा है। नए एसडीएम कॉम्प्लेक्स में डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन और तकनीकी ढांचे के माध्यम से नागरिक सेवाओं को अधिक व्यवस्थित किया जाएगा। फाइल ट्रैकिंग, आवेदन प्रक्रिया और शिकायत निस्तारण में तेजी आने की संभावना है। इससे लोगों को बार-बार कार्यालय जाने की जरूरत कम होगी और कार्य आसानी से हो सकेंगे।


लंबे समय से थी मांग
स्थानीय निवासियों की ओर से बड़खल क्षेत्र में सुदृढ़ प्रशासनिक केंद्र की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। पिछला तहसील कार्यालय एक पुराने भवन में चल रहा था इस भवन के बंद होने के बाद सभी कार्य एक स्थान पर नहीं हो पाते हैं इसके कारण लोगों को काफी परेशानी होती है। करीब 1.30 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जाने वाली आधुनिक तकनीकी सुविधाओं का उद्देश्य भवन निर्माण के साथ एक सक्षम और व्यवस्थित प्रशासनिक तंत्र तैयार करना है। अगर परियोजना तय समय में पूरी होती है तो बड़खल क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था में काफी सुधार होगा।
विज्ञापन


वर्जन
लोगों की सुविधा के लिए हर स्तर पर तेजी से काम किया जा रहा है। जल्द ही इस परियोजना को भी पूरा कर लिया जाएगा। - प्रकाशलाल, कार्यकारी अभियंता पीडब्ल्यूडी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें